छात्रवृत्ति का लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना प्राथमिकता : जिलाधिकारी
जौनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पीयू) एवं जिला समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आर्यभट्ट सभागार में ‘छात्रवृत्ति योजना का सफल क्रियान्वयन’ विषयक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रिया संबंधी कठिनाई के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से आवेदन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण के मामले में जौनपुर पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग आसान बनाती है। उन्होंने प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘छात्रवृत्ति पटल’ स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों को आवेदन से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके।
जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने विभागों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी।
कार्यशाला में महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक और कर्मचारियों ने छात्रवृत्ति से संबंधित प्रश्न उठाए, जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। संचालन सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, प्राचार्य और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी मौजूद रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

