हाइवे पर रेलिंग से टकराई अनियंत्रित बाइक, पुजारी की मौत
मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र में चुनार-मीरजापुर एनएच-35 पर ग्लेनहिल स्कूल के पास दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय सूर्यकांत मणि मौर्य उर्फ गुड्डू बाबा की मौत हो गई।
सराय टेकौर निवासी सूर्यकांत मणि मौर्य रामबाग स्थित एक उत्सव लॉन में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। मृतक के साले दुर्गा प्रसाद मौर्य की तहरीर के अनुसार, ग्लेनहिल स्कूल के पास हाईवे पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह ने शनिवार काे बताया कि मृतक कैलहट स्थित देवी सेवा आश्रम दुर्गा जी मंदिर में पुजारी थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

