देश को स्वस्थ बनाने के लिए उपचार से अधिक रोकथाम पर हाे जोर : डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय
कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। देश को स्वस्थ बनाने के लिए उपचार से अधिक रोकथाम पर जोर देना होगा। आरोग्य भारती देशभर में अपने 27 आयामों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। स्वदेशी चिकित्सा पद्धतियों का प्रचार, योग-प्राणायाम, संतुलित आहार, घरेलू उपचार, औषधीय पौधों का रोपण और पोषण अभियान जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह बातें शनिवार को आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सलाहकार डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने कही।
आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के नवीन कार्यालय का उद्घाटन ठाकुर राधा किशन महाराज विराजमान मंदिर सीसामऊ परिसर में मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में आरोग्य भारती के पूर्व उपाध्यक्ष व क्षेत्रीय संयोजक संग्राम सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजसेवी, चिकित्सक, शिक्षाविद एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज से ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार होगा। आरोग्य भारती का जन-जागरूकता अभियान इसी दिशा में एक सशक्त कदम है।
विशिष्ट अतिथि संग्राम सिंह ने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में योग, व्यायाम और संतुलित आहार को शामिल करें, ताकि समाज में रोगों की बढ़ती प्रवृत्ति को रोका जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक डॉ. श्यामबाबू गुप्ता ने की।
मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक नीरज दीक्षित ने कहा कि आरोग्य भारती का नया कार्यालय जनमानस तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने का मजबूत माध्यम बनेगा। कार्यक्रम के अंत में आरोग्य भारती कानपुर प्रांत के अध्यक्ष डॉ. वीएन आचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिषद सदस्य मनोज शुक्ल, हरसहाय डिग्री कॉलेज के उप-प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव, प्रेम अरोड़ा, शिक्षाविद डॉ. अंगद सिंह, डॉ. वी.एन. त्रिपाठी, डॉ. अनीता दीक्षित, डॉ. सम्राट पाण्डेय, डॉ. देवेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

