राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कान्हा की नगरी के नन्हे मेहमानों का जाना हाल

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कान्हा की नगरी के नन्हे मेहमानों का जाना हाल


राष्ट्रपति भवन में मथुरा के बच्चों की यादगार बाल दिवस

मथुरा, 14 नवम्बर(हि.स.)। देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से रूबरू होना और उनके साथ समय बिताना किसी भी बच्चे के लिए किसी बड़े सपने से कम नहीं होता। मथुरा के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के चार बच्चों का यह सपना शनिवार बाल दिवस के खास मौके पर हकीकत में बदल गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे इन नन्हे छात्रों और उनकी शिक्षिकाओं के लिए यह अनुभव जीवन भर की सबसे अनमोल पूंजी बन गया है।

मथुरा के बाद स्थित प्राथमिक विद्यालय से कक्षा पांच की अनसूया, दीक्षा, नरेंद्र कुमार और कक्षा चार की भावना को राष्ट्रपति से मिलने का यह सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। बच्चों के साथ विद्यालय की शिक्षिकाएं नीरज मथुरिया और कुसुम रानी भी मौजूद रहीं। राष्ट्रपति भवन में प्रवेश से पूर्व निर्धारित सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके तहत मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बाहर ही जमा करवा दिए गए।

कल्चरल हॉल में बच्चों का पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया गया और उन्हें नाश्ता परोसा गया। इसके बाद बच्चों की रचनात्मकता को निखारने के लिए कलर एक्टिविटी, प्रश्नोत्तरी और अन्य रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें प्राथमिक विद्यालय बाद के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार भी अपने नाम किए। इस दौरान विद्यालय की एक छात्रा ने अपनी कविता पाठ से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आगमन पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई।

फोटो सेशन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बेहद आत्मीयता के साथ हर बच्चे से व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने मथुरा से आई छात्रा दीक्षा से पूछा कि वह किस स्कूल और किस शहर से आई हैं। दीक्षा ने गर्व के साथ बताया कि वे प्राथमिक विद्यालय बाद, मथुरा से आए हैं। इस पर राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए कहा कि आप लोग कान्हा की नगरी से आए हैं, जहां भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को उपहार पैक, स्वादिष्ट भोजन और रिटर्न गिफ्ट भेंट किए गए। इसके अतिरिक्त, बच्चों को राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और प्रणब मुखर्जी लाइब्रेरी का भ्रमण भी कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777274 Articles

Share this story