दीपावली तक डबल पुलिया मार्ग की एक लेन तैयार करें : महेंद्र सिंह तंवर

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली तक डबल पुलिया मार्ग की एक लेन तैयार करें : महेंद्र सिंह तंवर


कानपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। विजय नगर चौराहे से दादानगर और डबल पुलिया की ओर जाने वाले मार्गों पर निर्माण और मरम्मत कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दीपावली तक डबल पुलिया मार्ग की एक लेन तैयार की जाए और बाकी काम 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा कराया जाए। विभागों के बीच समन्वय की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। यह निर्देश बुधवार को दादानगर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दिए।

निरीक्षण में सामने आया कि विजय नगर चौराहे से दादानगर मार्ग पर मेट्रो की ओर से बाईं लेन का काम पूरा हो चुका है। दाईं लेन में करीब 200 मीटर हिस्से में मेट्रो और 270 मीटर हिस्से में जल निगम को सड़क की मरम्मत करानी है। जिलाधिकारी ने दोनों विभागों को अपने हिस्से का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

वहीं, विजय नगर चौराहे से डबल पुलिया की ओर करीब 785 मीटर लंबे मार्ग पर मेट्रो की ओर से सड़क निर्माण और मरम्मत कराई जा रही है। इसमें करीब 170 मीटर काम पूरा हुआ है। जिलाधिकारी ने दीपावली तक एक लेन तैयार करने और शेष काम 30 नवंबर तक पूरा कराने को कहा।

उन्होंने मेट्रो, नगर निगम और जल निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और काम की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण तकनीकी मानकों के अनुरूप होना चाहिए। गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मेट्रो, जल निगम, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story