प्रत्येक बूथ पर ओबीसी नेतृत्व तैयार करें : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 25 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की आईटी एवं सोशल मीडिया कार्यशाला सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में सम्पन्न हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर ओबीसी नेतृत्व को तैयार करना है। आज भाजपा की सास्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा ने राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी दलों के नेताओं को मंदिरों में झुकने के लिए विवश किया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव में एक युद्ध बूथ पर, तो दूसरा युद्ध सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर होता है। हमें दोनो युद्ध जीतना है। विपक्ष के हर दुष्प्रचार का, हर हमले का संस्कारित भाषा में करारा जबाब देना है। उन्होंने कहा कि परिवारवादी, जातिवादी, भ्रष्टाचारी विपक्षी दल गरीब, उपेक्षित पिछडे वर्ग के चाय बेचने वाले के बेटे को देश के प्रधानमंत्री पद पर बर्दास्त नहीं कर पा रहे है।
श्री मौर्य ने कहा कि 2019 के लोकसभा सभा चुनाव में सभी विपक्षी दलों ने भाजपा को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश की जनता ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को 51 फीसदी वोट देकर सारे गठबंधन धराशायी कर दिया। इस बार भाजपा के योद्धा बूथ पर भी और सोशल मीडिया पर भी विजय का परचम फहरायेगें। उन्होंने कहा कि अब 100 में 75 हमारा है बाकी में बंटवारा हैं और बंटवारे में भी हमारा है। इस लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि नए संसद भवन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने से महिला सशक्तिकरण का नया युग प्रारम्भ हुआ हुआ।
इसके साथ ही भाजपा मोर्चा व प्रकोष्ठो की सोशल मीडिया राष्ट्रीय समन्वयक प्रीति गांधी ने कार्यशाला को सम्बोधित किया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामचन्द्र प्रधान, विनोद यादव तथा संजय भाई पटेल एवं सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अंकित चंदेल उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/पदुम नारायण

