सीएम योगी के निर्देश पर शीतलहर से निपटने की तैयारी तेज, यूपी के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर से सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को निर्देश

हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के मरीजों के लिए विशेष उपचार व्यवस्था, इमरजेंसी में 24×7 डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता के निर्देश

वार्म रूम, हीटर, गर्म बिस्तर और कंबलों की होगी व्यवस्था; नवजात, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के उपचार पर विशेष ध्यान

लखनऊ, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने संभावित शीतलहर के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्दी के मौसम में ठंड से प्रभावित मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों तथा उनसे संबद्ध अस्पतालों को अलर्ट किया है। अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाएं, पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, जीवनरक्षक दवाओं और गर्म वातावरण की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन की मंशा है कि शीतलहर के दौरान किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी न हो। इसी क्रम में महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी निर्देशों में सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को व्यापक तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने को कहा गया है।

हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के मरीजों के लिए विशेष इंतजाम

निर्देशों के अनुसार, अस्पतालों के इमरजेंसी विभाग में शीतलहर से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त बेड, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और जीवनरक्षक दवाओं की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान अत्यधिक गिरना) और फ्रॉस्टबाइट (अत्यधिक ठंड से शरीर के ऊतकों को नुकसान) के लक्षणों की शीघ्र पहचान कर निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।

गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों के लिए इमरजेंसी विभाग में विशेष गर्म एवं सुरक्षित उपचार क्षेत्र यानी वार्म रूम विकसित किए जाएंगे। मरीजों को जरूरत के अनुसार गर्म कंबल और ताप संरक्षण की अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सतर्कता

शीतलहर के दौरान नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, हृदय एवं श्वसन संबंधी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों के सामान्य वार्ड, आईसीयू, एनआईसीयू और पीआईसीयू सहित सभी उपचार कक्षों में ठंडी हवा से बचाव और पर्याप्त गर्म वातावरण बनाए रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए सुरक्षित एवं मानक अनुरूप हीटरों का उपयोग किया जाएगा। बिजली के तारों और उपकरणों की नियमित जांच के साथ अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा गया है।

एंबुलेंस से लेकर ऑक्सीजन और दवाओं तक की उपलब्धता सुनिश्चित

निर्देशों में एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखने और ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं, थर्मामीटर, मॉनिटरिंग उपकरणों, कंबलों सहित अन्य चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया है। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में तत्काल रेफर करने के लिए प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

दिन-रात तीन बार होगी अस्पतालों की निगरानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने शीतलहर प्रबंधन में निगरानी और जवाबदेही पर भी विशेष जोर दिया है। मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य, निदेशक अथवा उनके द्वारा नामित वरिष्ठ चिकित्साधिकारी प्रतिदिन सुबह, शाम और रात्रि में अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में शीतलहर प्रबंधन के लिए एक वरिष्ठ चिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। इसके अलावा शीतलहर से प्रभावित मरीजों की जानकारी और संबंधित आंकड़ों का नियमित संकलन कर आवश्यकतानुसार इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) के तहत जिला सर्विलांस इकाई को उपलब्ध कराया जाएगा।

तीमारदारों और परिजनों के लिए भी गर्म बिस्तर-कंबल की व्यवस्था

अस्पतालों में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल परिसरों, ओपीडी और इमरजेंसी विभागों में शीतलहर से बचाव संबंधी जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। मरीजों और उनके परिजनों को गर्म कपड़े पहनने, शरीर का तापमान बनाए रखने तथा अत्यधिक ठंड में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने के प्रति जागरूक किया जाएगा। अस्पतालों में तीमारदारों और परिजनों के लिए भी गर्म बिस्तर, गद्दे, कंबल तथा आवश्यकतानुसार गर्म पानी और हीटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

महानिदेशालय ने स्पष्ट किया है कि सभी व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से लागू की जाएं। शीतलहर की पूरी अवधि में मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23730 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story