बरसाना में राधाष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर, 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
बरसाना में राधाष्टमी को लेकर तैयारियां जोरों पर, 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना


मथुरा, 12 सितम्बर(हि.स.)। बरसाना के प्रसिद्ध लाडली जी (श्री जी) मंदिर में 19 सितंबर को राधा रानी का जन्मोत्सव (राधाष्टमी) अत्यंत धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर 24 घंटे के भीतर लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे बरसाना क्षेत्र को 7 जोन और 25 से अधिक सेक्टरों में विभाजित किया गया है। शनिवार शाम जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने तैयारियों का पैदल पैदल पूरे मेला परिसर का जायजा लेते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार श्रद्धालुओं की एंट्री के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं, जिससे किसी एक मार्ग पर अत्यधिक दबाव न पड़े। इसके अलावा, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ पार्किंग स्थल और खोया-पाया केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।

मंदिर की ऊंचाई और सीढ़ियों पर अत्यधिक भीड़ को रोकने के लिए विशेष हाेल्डिंग एरिया तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी मदद से श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से दर्शन कराए जाएंगे। वहीं, पिछले वर्ष स्थानीय नागरिकों को दर्शन में हुई असुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार बरसाना के स्थानीय लोगों के लिए विशेष पास जारी किए जाएंगे, ताकि वे भी सुगमता से राधा रानी के दर्शन कर सकें।

उत्सव को भव्य बनाने के लिए पूरे कस्बे को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है। जिले भर से संसाधन जुटाकर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है और पीडब्ल्यूडी को सभी मार्गों को गड्ढा मुक्त व दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने बरसाना के नागरिकों से इस ऐतिहासिक उत्सव में सहयोग की अपील करते हुए अपने घरों, दुकानों और बाजारों को सजाने और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत करने का आह्वान किया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story