गोरखपुर महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू, मंडलायुक्त ने सौंपी जिम्मेदारियां
गोरखपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी वर्ष गोरखपुर महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव की सभी तैयारियां समयबद्ध और सुनियोजित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि यह आयोजन अगले वर्ष और भी भव्य रूप में सामने आए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गोरखपुर महोत्सव 2026 का आयोजन 10, 11 और 12 जनवरी को चम्पा देवी पार्क में किया जाएगा। महोत्सव में इस बार हॉलीवुड और बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी नृत्य, संगीत और लोककलाओं की प्रस्तुति देकर गोरखपुरवासियों का मनोरंजन करेंगे।
मंडलायुक्त ने बताया कि महोत्सव के नोडल अधिकारी जीडीए उपाध्यक्ष होंगे। उन्होंने आयोजन से संबंधित सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपीं और कहा कि सभी अधिकारी अपनी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। महोत्सव का उद्घाटन राज्य के संस्कृति मंत्री द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

