खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर प्रोन्नत हाेंगे प्रधानाध्यापक, अर्ह प्रधानाध्यापकों की सूची बनना शुरू

WhatsApp Channel Join Now
खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर प्रोन्नत हाेंगे प्रधानाध्यापक, अर्ह प्रधानाध्यापकों की सूची बनना शुरू


मुरादाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च प्राथमिक विद्यालय और सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापकों की खंड शिक्षा अधिकारी बनने की राह आसान हो गई है। शासन से निर्देश आने के बाद विभाग जनपद के अर्ह प्रधानाध्यापकों की सूची बना रहा है। शिक्षकों का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियों की होने वाली भर्ती में दस फीसदी पद प्रधानाध्यापकों से भरे जाएंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी ग्रामीण, नगर क्षेत्र और अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों के प्रबंधक व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी करते हुए कहा कि प्रधानाध्यापकों का खंड शिक्षा अधिकारी (पूर्व पदनाम प्रति उप विद्यालय निरीक्षक) के पद पर पदोन्नति किए जाने के लिए सूचना निर्धारित प्रारूप में मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक द्वादश मंडल मुरादाबाद को उपलब्ध करवाई जानी है। इसके लिए उन्होंने संबंधित प्रधानाध्यापकों की सेवा पुस्तिकाओं की प्रमाणित छायाप्रति सहित 5 मार्च को उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश दिए हैं।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष सर्वेश शर्मा ने कहा कि पूर्व में जूनियर हाईस्कूल प्रधानाध्यापक को खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर पदोन्नति दी जाती थी लेकिन विगत 20 वर्षों से बंद थी। शिक्षक संघ लगातार इसकी मांग कर रहा था। इस पर सरकार ने पुनः यह प्रक्रिया शुरु की है। यह सरकार का स्वागत योग्य कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story