अमेठी में 28,500 अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षा और परिवहन के विशेष इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी में 28,500 अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षा और परिवहन के विशेष इंतजाम


अमेठी में 28,500 अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षा और परिवहन के विशेष इंतजाम


अमेठी, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए अमेठी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने रविवार को बताया कि जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 28,500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्यूटी को 4 जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पीआरवी, एंबुलेंस तथा ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक ने रविवार को बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा सभी केंद्रों को एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से जोड़कर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। नकल रोकने के लिए विशेष सैनिटाइजेशन टीम गठित की गई है, जो परीक्षा केंद्रों के अंदर उन स्थानों की जांच करेगी जहां प्रतिबंधित सामग्री छिपाई जा सकती है। इसके अलावा प्रत्येक थाना क्षेत्र में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई है तथा सोशल मीडिया टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है।

उधर, अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमेठी रोडवेज प्रशासन ने 18 बसें रिजर्व रखी हैं। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि जिन जिलों के लिए पर्याप्त संख्या में अभ्यर्थी उपलब्ध होंगे, वहां तत्काल बसें रवाना की जाएंगी। अमेठी के अनेक अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र बस्ती, कौशांबी, प्रतापगढ़ सहित अन्य जिलों में बनाए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी अभ्यर्थी समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story