उप्र में लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार : केशव प्रसाद मौर्य


प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 2027 में सरकार बनने जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष जांच कर रहा है। सभी को इंतजार करना चाहिए। जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखते हुए सभी को रिपोर्ट आने का इंतजार करना चाहिए।

प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े लोगों ने वर्षों तक तपस्या और समर्पण के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसके लिए विधिक कार्रवाई की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं के बयान उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जांच पूरी होने से पहले निष्कर्ष निकालने के बजाय जांच एजेंसियों पर भरोसा करना चाहिए। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन पर उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के गठबंधन से चिंतित नहीं है। उनका कहना था कि चाहे विपक्ष साथ लड़े या अलग-अलग, उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड जनादेश देगी। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन लगातार कमजोर हो रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए पारदर्शी ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी लीकेज के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश तथा विकसित गांवों का लक्ष्य तेजी से साकार किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story