ग्रामीण बैंकों के एकीकरण समेत चार मांगों को लेकर प्रार्थना सभा :  सगुण शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण बैंकों के एकीकरण समेत चार मांगों को लेकर प्रार्थना सभा :  सगुण शुक्ला


ग्रामीण बैंकों के एकीकरण समेत चार मांगों को लेकर प्रार्थना सभा :  सगुण शुक्ला


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पांच दिवसीय साप्ताहिक बैंकिंग सेवा नीति लागू करने, सेवानिवृत्त बैंकर्स की पेंशन में अपडेशन व्यवस्था प्रभावी करने समेत चार प्रमुख मांगों को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण प्रार्थना सभा की गई। यह बातें ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सगुण शुक्ला ने शुक्रवार काे फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर कहीं।

गांधी जयंती के अवसर पर ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन की कानपुर नगर इकाई की सेवानिवृत्त समिति और वरिष्ठ नागरिक कल्याण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘अरबिया आपके द्वार’ के तहत 51वीं सेवा-सद्भाव यात्रा निकाली गई। इस दौरान गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शांतिपूर्ण प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता सगुण शुक्ला ने कहा कि वर्ष 2024 में सहमति से तय की गई पांच दिवसीय साप्ताहिक बैंकिंग सेवा नीति को लागू किया जाए। उन्होंने 10 लाख से अधिक सेवानिवृत्त बैंकर्स की पेंशन में अपडेशन की व्यवस्था को प्रभावी करने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी आबादी को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने वाले अलग-अलग राज्य स्तरीय ग्रामीण बैंकों को एकीकृत कर भारतीय राष्ट्रीय ग्रामीण बैंक की स्थापना की जाए। इसके लिए ‘एक राष्ट्र-एक संस्था’ की नीति लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही ग्रामीण बैंकों में पिछले एक दशक से दैनिक वेतन पर काम कर रहे अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग भी रखी गई। मांगों को लेकर सभा के बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से महात्मा गांधी के प्रिय भजनों के साथ प्रार्थना की।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त समिति के सचिव बीडी यादव, अध्यक्ष एनकेएस कनौजिया, वरिष्ठ नागरिक कल्याण फाउंडेशन के संस्थापक राम सकल तिवारी, सचिव अनूप चौरसिया, हरि शंकर बाजपेई, एसके सिन्हा, सीबी सिंह यादव, जीके मिश्रा, एसके कटियार, पीएस मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, सुरेश कुमार, राज शुक्ला, राज कमल, आनंद मिश्रा, एसबी मिश्रा, उमेश कटियार, जमीर अहमद, रामकिवंचल, रामचंद्र अवस्थी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा के सेवानिवृत्त सहायक महाप्रबंधक जीके दीक्षित उपस्थित रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story