बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की पहल : केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में 15 जुलाई को एचपीवी टीकाकरण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की पहल : केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में 15 जुलाई को एचपीवी टीकाकरण अभियान


प्रयागराज, 14 जुलाई (हि.स.)। बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा उनके स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज में 15 जुलाई 2026 को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक केंद्रीय चिकित्सालय परिसर में संचालित होगा। यह जानकारी मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 09 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की पात्र बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा मिलती है तथा भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर सहित अन्य गंभीर रोगों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। किशोरावस्था में यह टीका विशेष रूप से अधिक प्रभावी माना जाता है।

उत्तर मध्य रेलवे का केंद्रीय चिकित्सालय जनस्वास्थ्य संवर्धन और रोगों की रोकथाम के लिए समय-समय पर जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान आयोजित करता रहा है।

इसी क्रम में आयोजित यह अभियान बालिकाओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और कैंसर के प्रति जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रेलवे प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इस अभियान का लाभ दिलाकर उनके स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान में सहभागी बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story