प्रत्येक वार्ड में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
प्रत्येक वार्ड में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


प्रत्येक वार्ड में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


झलवा में 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण

प्रयागराज, 11 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कर नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है। उक्त बातें शनिवार को लोकार्पण करने के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि झलवा क्षेत्र में 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों से नागरिकों को बेहतर आवागमन, सुचारु जल निकासी और सुविधाजनक जीवन का लाभ मिलेगा। महापौर ने कहा कि प्रयागराज को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों से झलवा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

महापौर गणेश केसरवानी नगर निगम प्रयागराज की विकास निधि के अंतर्गत जोन-06 के वार्ड संख्या-35, झलवा में 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित विभिन्न सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इन विकास कार्यों को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

महापौर ने सर्वप्रथम पवन कुमार के मकान से शिव प्रसाद सरोज के मकान होते हुए सोनू के घर तक निर्मित सी.सी. सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

इसके बाद सी.के. निगम के सामने गली में रमेश जी के घर से ज्ञानेन्द्र शाक्य के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।

इसके अतिरिक्त महापौर ने गुप्ता डेरी से घनश्याम प्रजापति के मकान तक नाली एवं गली निर्माण/मरम्मत कार्य तथा राजेश वर्मा के मकान से अजय सिंह के मकान तक गली एवं नाली निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा जलभराव और जल निकासी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद प्रीति गुप्ता, रामलोचन साहू, विवेक मिश्रा, त्रियुगी नारायण दीक्षित, हनुमान पाण्डेय, रमेश प्रजापति, शिवाकांत शर्मा, बच्चा शुक्ला, विपिन साहू, राहुल साहू, अनुभव श्रीवास्तव, बच्चा प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story