टीजीटी मुख्य परीक्षा : जिला प्रशासन ने निष्पक्ष व नकलविहीन परीक्षा कराने का दिया कड़ा निर्देश
प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अध्यापक (टीजीटी) मुख्य परीक्षा-2025 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को हुई बैठक में जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कड़ा निर्देश दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) मुख्य परीक्षा-2025 के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में बुधवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों, सह केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और शुचितापूर्ण माहौल में कराई जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा की पारदर्शिता या निष्पक्षता प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
11 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:30 बजे तक 23 परीक्षा केंद्रों पर होगी, जबकि संगीत विषय की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक एक परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 9,376 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

