संघर्ष की मिसाल बने सत्यम मिश्रा, समीक्षा अधिकारी परीक्षा में पाई सफलता

WhatsApp Channel Join Now
संघर्ष की मिसाल बने सत्यम मिश्रा, समीक्षा अधिकारी परीक्षा में पाई सफलता


प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। लगातार प्रयास और धैर्य का मिला फल, अब उपजिलाधिकारी बनने का लक्ष्य प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र के रानीगंज गांव निवासी सत्यम मिश्रा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) 2023 की अंतिम परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

सत्यम मिश्रा पुत्र राकेश कुमार बीते कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में निरंतर जुटे हुए थे। वर्ष 2021 से वे लगातार आयोग की मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार तक पहुंच रहे थे, लेकिन सफलता उनसे दूर रही। आखिरकार उनके धैर्य, परिश्रम और अटूट संकल्प ने उन्हें यह मुकाम दिलाया।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है। परिजनों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

सत्यम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य उपजिलाधिकारी बनना है, जिसके लिए वे और अधिक लगन और मेहनत के साथ अपनी तैयारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story