पीडीए की बड़ी कार्रवाई, झूंसी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
पीडीए की बड़ी कार्रवाई, झूंसी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर


पांच स्थानों पर करीब 37 बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण न करने की अपील

प्रयागराज, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने गुरुवार को अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान जारी रखते हुए गुरुवार को झूंसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में पांच स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।

पीडीए की टीम ने कनिहार रोड और उसके आसपास विभिन्न स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान लगभग 37 बीघा क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई में विभिन्न अधिकारियों, अभियंताओं, सुपरवाइजर तथा प्रवर्तन टीम की मौजूदगी रही।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें तथा केवल प्रयागराज विकास प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट और मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कार्य कराएं।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा शहर का सुनियोजित और व्यवस्थित विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध प्लॉटिंग एवं बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ पीडीए का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम नागरिक किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें तथा केवल स्वीकृत लेआउट एवं मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कराएं। इससे नागरिकों का निवेश सुरक्षित रहेगा और शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story