पीडीए ने दो स्थानों पर ध्वस्त की अवैध प्लॉटिंग

WhatsApp Channel Join Now
पीडीए ने दो स्थानों पर ध्वस्त की अवैध प्लॉटिंग


प्रयागराज, 18 जुलाई (हि.स.)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शनिवार को जोन-06, उपजोन-6ए के अंतर्गत सोरांव क्षेत्र में दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। पीडीए की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया।

पीडीए के अनुसार, सोरांव रोड स्थित श्याम हॉस्पिटल पेट्रोल पंप के सामने अरबाज अली, अजय कुमार, अरविंद पटेल, नजरुद्दीन एवं अन्य द्वारा लगभग एक बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा इसी क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की जा रही करीब एक बीघा अवैध प्लॉटिंग पर भी बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई जोनल अधिकारी के नेतृत्व में अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीए प्रवर्तन टीम एवं थाना सोरांव पुलिस की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ पीडीए का अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी निर्माणकर्ताओं और डेवलपर्स को नियमानुसार प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कार्य करना चाहिए। आमजन भी किसी अवैध कॉलोनी या बिना स्वीकृति विकसित किए जा रहे भूखंडों का क्रय-विक्रय करने से बचें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सुव्यवस्थित और नियोजित विकास के लिए अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story