मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने में जुटा भाजपा संगठन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने में जुटा भाजपा संगठन


प्रेरणा पार्क में तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं का होगा लोकार्पण

प्रयागराज, 03 जुलाई (हि.स.)। भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि 6 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयागराज आगमन पूरे काशी क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रेरणा पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का लोकार्पण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रेरक अवसर है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष, नगर निगम के पार्षदों एवं संगठन पदाधिकारियों ने भाग लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और विस्तृत रणनीति बनाई। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करे। उन्होंने स्वागत, जनसंपर्क, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा समन्वय, अतिथि सत्कार और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां भी तय कीं।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम की ओर से प्रेरणा पार्क और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के करकमलों से होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को प्रयागराज की गरिमा के अनुरूप भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और पार्षदों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहेगी और उनकी प्रतिमाएं प्रेरणा पार्क में राष्ट्रसेवा का संदेश देंगी।

बैठक में अवधेश चंद्र गुप्ता, संतोष पटेल, अश्वनी पेंटल, डॉ. शैलेश पाण्डेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, बाल राज पटेल, अनिल कुशवाहा, अमित सिंह, ज्ञानेंद्र मिश्रा, मुकेश लारा, किरण जायसवाल, अंबुज त्रिपाठी, विश्वास रावत, स्वरिका भारद्वाज, दुर्गेश नंदनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story