प्रेरणा पार्क के भव्य अनावरण की सफलता पर महापौर को विधायकों ने दी बधाई, विकास कार्यों की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
प्रेरणा पार्क के भव्य अनावरण की सफलता पर महापौर को विधायकों ने दी बधाई, विकास कार्यों की सराहना


प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। प्रेरणा पार्क के भव्य अनावरण समारोह की सफलता पर विधायक हर्षवर्धन बाजपेई और विधायक दीपक पटेल ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर गणेश केसरवानी से शिष्टाचार भेंट की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की सफलता की सराहना करते हुए इसे शहर की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र प्रेरणा को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

सिविल लाइंस स्थित नगर निगम कार्यालय में शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेई एवं फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने महापौर गणेश केसरवानी से शिष्टाचार भेंट कर शहर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों विधायकों ने 06 जुलाई को यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब परिसर में निर्मित प्रेरणा पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की प्रतिमाओं के भव्य अनावरण समारोह की सफलता पर महापौर को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

दोनों विधायकों ने कहा कि प्रेरणा पार्क का निर्माण और महान विभूतियों की प्रतिमाओं की स्थापना प्रयागराज के लिए गौरव का विषय है। यह पार्क राष्ट्रहित, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने नगर निगम की ओर से आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय स्वरूप देने की सराहना की।

महापौर गणेश केसरवानी ने विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और जनता के विश्वास से शहर के सर्वांगीण विकास को नई गति मिल रही है और भविष्य में भी विकास एवं विरासत के संतुलन के साथ कार्य जारी रहेगा।

बैठक में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शहर के सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों विधायकों ने नगर निगम के विकास कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर गिरजेश मिश्रा, राजेंद्र शुक्ल, अरुण मिश्रा 'पिंटू', भोला तिवारी, पंकज जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने भी प्रेरणा पार्क के सफल अनावरण को प्रयागराज की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला ऐतिहासिक प्रयास बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story