शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता, लगेंगी 40 वाटर एटीएम मशीनें : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 24 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी के इस कठिन समय में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। वॉटर एटीएम जैसी व्यवस्था लोगों को राहत देने के साथ स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी।” उक्त बातें शुक्रवार काे नगर निगम परिसर में अत्याधुनिक वॉटर एटीएम मशीन का लोकार्पण के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी और चढ़ते तापमान के बीच नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने की दिशा में अहम पहल की है। इस योजना के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर कुल 40 वॉटर एटीएम लगाए जाएंगे।
महापौर ने बताया कि जलकल विभाग द्वारा भीड़भाड़ वाले चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर इन मशीनों की स्थापना की जाएगी, ताकि राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी में आसानी से शुद्ध और ठंडा पेयजल मिल सके।
इस मौके पर नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव, मुख्य अभियंता (विद्युत) संजय कटियार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा पार्षद ज्ञानेंद्र मिश्रा, सुनीता चोपड़ा, गुलाब पटेल, संजय पासवान, रमीज हसन, अब्दुल समद समेत अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की इस पहल को शहर में स्मार्ट सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इन वॉटर एटीएम मशीनों के शुरू होने से हजारों लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

