पीड़ितों को त्वरित न्याय और हरसंभव सहायता देना सरकार की प्राथमिकता : नंद गोपाल गुप्ता नंदी

WhatsApp Channel Join Now
पीड़ितों को त्वरित न्याय और हरसंभव सहायता देना सरकार की प्राथमिकता : नंद गोपाल गुप्ता नंदी


प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उक्त बातें गुरुवार को प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुर कटवा गांव में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव आर्थिक, प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मंत्री नंदी मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को सौंपी। इस दौरान उन्होंने परिवार के पांच सदस्यों को प्रशासन की ओर से आवंटित एक-एक बिस्वा आवासीय भूमि के पट्टे के दस्तावेज भी प्रदान किए। प्रशासन ने पीड़ित परिवार के घर तक पहुंचने के लिए रास्ते का निर्माण भी कराया है।

मंत्री नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री से मंगलवार को हुई मुलाकात के दौरान पीड़ित परिवार की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया था। मुख्यमंत्री ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। उसी क्रम में कुछ ही घंटों के भीतर आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी गई।

उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने आरोपियों के अवैध निर्माण के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और 6 जुलाई को नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री नंदी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पूरी सरकार उनके साथ है और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और हर पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र सिंह, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, डीसीपी यमुनानगर विवेक कुमार यादव, एसडीएम मेजा नीलम उपाध्याय सहित प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story