भाजपा के बूथ सम्मेलन में बुधवार को बूथ स्तर की तय होगी रणनीति : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के बूथ सम्मेलन में बुधवार को बूथ स्तर की तय होगी रणनीति : संजय गुप्ता


प्रयागराज, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी सक्रियता से जुट गई है। बूथ हमारी संगठनात्मक ताकत का आधार है, इसलिए प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने बूथ की संपूर्ण जानकारी के साथ सम्मेलन में उपस्थित हों। यह बातें मंगलवार को सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) कार्यालय में हुई बैठक में बुधवार को आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलन के संबंध में प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों को अपने-अपने बूथ की पूरी जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होकर संगठनात्मक मार्गदर्शन देंगे। महानगर के सभी 15 मंडलों के मंडल अध्यक्षों से भी अपील की गई है कि वे अपने-अपने मंडलों के सभी बूथ अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर प्रभावी मंथन किया जा सके।

भाजपा प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी—का बूथ सम्मेलन बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि शहर उत्तरी विधानसभा का सम्मेलन जिला पंचायत सभागार में शाम 5 बजे, शहर दक्षिणी विधानसभा का सम्मेलन राजर्षि मंडपम में शाम 4 बजे तथा शहर पश्चिमी विधानसभा का सम्मेलन आरडी गार्डन, बेनीगंज में शाम 4 बजे आयोजित होगा।

बूथ सम्मेलन के लिए महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मोदी एवं जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story