विधानसभा चुनाव की सफलता का आधार बूथ स्तर का सशक्त संगठन : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनाव की सफलता का आधार बूथ स्तर का सशक्त संगठन : संजय गुप्ता


22 जुलाई का बूथ सम्मेलन बनेगा ऐतिहासिक : संजय गुप्ता

प्रयागराज, 17 जुलाई (हि.स.)। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की सफलता का आधार बूथ स्तर का सशक्त संगठन होगा। यह बातें शुक्रवार को 22 जुलाई को आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलन की तैयारी को लेकर हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि 22 जुलाई को आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाकर संगठन की ताकत का परिचय दें। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान तेजी से चल रहा है और सभी 15 मंडलों में बूथ समितियों का गठन पूरा हो चुका है।

शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित बैठक में महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं प्रभारियों को संबोधित करते हुए संजय गुप्ता ने कहा कि बूथ सम्मेलन शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पन्ना प्रमुखों का गठन 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है, जिसे शीघ्र ही शत-प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए निर्धारित बैठक व्यवस्था होगी और प्रत्येक कुर्सी पर संबंधित बूथ अध्यक्ष का नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित रहेगा। बूथ अध्यक्ष अपने साथ बूथ के प्रमुख कार्यकर्ताओं तथा पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों की सूची लेकर आएंगे। साथ ही प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने साथ एक बूथ पालक को भी सम्मेलन में लेकर आएगा।

महानगर अध्यक्ष ने बताया कि बूथ सम्मेलन के बाद प्रत्येक माह बूथ अध्यक्षों के साथ पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की नियमित बैठक आयोजित कर संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे संगठन और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बन सके।

बैठक में बूथ सम्मेलन के लिए जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव को संयोजक तथा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मोदी को सह-संयोजक नियुक्त किया गया।

इस अवसर पर शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, आनंद सोनकर, रणजीत सिंह, राजेंद्र मिश्र, शशि वार्ष्णेय, मुरारी लाल अग्रवाल, अनिल केसरवानी, राजू राय, अनुज कुशवाहा, सचिन जायसवाल, अजय सिंह, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी, रामजी शुक्ला, कंचनलता, आभा गोस्वामी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, विश्वास श्रीवास्तव, सुजीत कुशवाहा, आनंद दुबे, प्रियंका पराशर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story