आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, 22 जुलाई को होगा बूथ सम्मेलन : संजय गुप्ता
प्रयागराज, 14 जुलाई (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन के बूथ स्तर तक का कार्यकर्ता जुट गए हैं। यह बातें मंगलवार को सिविल लाइन स्थित कार्यालय में 22 जुलाई को तीन विधानसभाओं में बूथ सम्मेलन की तैयारी को लेकर हुई बैठक में संजय गुप्ता ने कहीं।
उन्होंने कहा कि महानगर के सभी 15 मंडलों में बूथ समितियों का गठन पूरा हो गया है और 22 जुलाई को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने मंडल स्तर पर जन संवाद तेज करने तथा पन्ना प्रमुखों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संगठनात्मक अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। सभी कार्यक्रम मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित हो रहे हैं, जिससे संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि महानगर के सभी 15 मंडलों में बूथ समितियों का गठन पूरा हो चुका है। अब पन्ना प्रमुखों के गठन का कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। साथ ही मंडल प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को मंडल स्तर पर जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
संजय गुप्ता ने बताया कि 22 जुलाई को शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के भी शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सूचना प्रत्येक बूथ तक पहुंचाई जाए और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर संयोजक एवं सह संयोजक आपसी समन्वय के साथ तैयारी पूरी करें।
बैठक में बूथ सम्मेलन के लिए जिला एवं विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां भी तय की गईं। महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय को जिला संयोजक, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव और जिला उपाध्यक्ष प्रमोद मोदी को सह संयोजक बनाया गया। वहीं शहर दक्षिणी में दीप द्विवेदी एवं आनंद सोनकर, शहर पश्चिमी में रामजी शुक्ला एवं कुंज बिहारी मिश्रा तथा शहर उत्तरी में आनंद श्रीवास्तव एवं अजय सिंह को विधानसभा स्तर पर संयोजक एवं सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
महानगर अध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में शक्ति केंद्र स्तर पर तथा पूर्व एवं वर्तमान जिला व मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के शामिल होने की संभावना है। साथ ही वर्ष 2012 से 2026 तक के मंडल स्तर के पुराने और नए पदाधिकारियों की सूची तैयार करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक में महानगर महामंत्री विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी, विपुल मित्तल, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, सुजीत कुशवाहा, विश्वास श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

