बूथ ही जीत की सबसे बड़ी ताकत, किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं : प्रमोद मोदी

WhatsApp Channel Join Now
बूथ ही जीत की सबसे बड़ी ताकत, किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं : प्रमोद मोदी


प्रयागराज, 05 जुलाई (हि.स.)। बूथ ही जीत की सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए रविवार को सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में हुई बैठक को संबोधित करते हुए महानगर उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी प्रमोद मोदी ने यह बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव अब दूर नहीं है और संगठन किसी भी स्तर पर ढिलाई के पक्ष में नहीं है। बूथ ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी इकाई है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुट जाए। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र प्रभारी और संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों के सभी बूथों पर नियमित मंथन करें, पन्ना प्रमुखों को सक्रिय करें तथा मतदाता सूची का गहन अध्ययन एवं वाचन सुनिश्चित करें। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी जनसंपर्क अभियान चलाएं।

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर की गतिविधियों पर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व की सीधी निगाह है, इसलिए प्रत्येक दायित्व का गंभीरता से निर्वहन किया जाए। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान और संगठनात्मक विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। भाजपा प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों में शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं संयोजकों की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी का फोकस प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक मजबूती, मतदाता संपर्क और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर है।

इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष कुंज बिहारी मिश्रा, जिला महामंत्री विक्रम भदौरिया, जिला मंत्री एवं भरद्वाज मंडल प्रवासी अजय सिंह, मंडल अध्यक्ष अजय आनंद सहित अतुल मेहरोत्रा, अनिल गोस्वामी, हरीश पासवान, संदीप यादव, प्रियंका पराशर, अंजनी सिंह, ब्रजेश श्रीवास्तव और यशवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story