विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: डॉ कीर्तिका अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: डॉ कीर्तिका अग्रवाल


डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के तहत युवा सम्मेलन का आयोजन

प्रयागराज, 09 जुलाई (हि.स.)। भारत के नवनिर्माण की कमान देश के युवाओं के हाथों में है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए। आज हमारा युवा उसी रास्ते पर चल रहा है। उक्त बातें शहर पश्चिमी विधानसभा के हनुमान वाटिका में गुरुवार को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के तहत भाजपा प्रयागराज महानगर के तत्वाधान में युवा सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ कीर्तिका अग्रवाल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने समय में युवाओं को एक संदेश दिया कि ये जीवन समाज व राष्ट्र के नाम समर्पित हो। आज भी उनका जीवन युवाओं के लिए प्रासंगिक है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि आज भारत, दुनिया की सबसे युवा आबादी वाला देश है। आप वो पीढ़ी हैं जो समस्याओं के पीछे छुपने वाली नहीं, बल्कि उनका डटकर समाधान करने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार युवाओं को 'नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला' बना रही है। आज दुनिया में भारत की साख बढ़ी है और हमारी युवा शक्ति के कौशल का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। यह समय केवल अपने लिए सोचने का नहीं है, बल्कि देश के नवनिर्माण का है। जब हम विकसित भारत के संकल्प की बात करते हैं, तो उसकी नींव युवा वर्ग ही है। हमें जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर एक 'श्रेष्ठ भारत' का निर्माण करना है। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम देश को आगे ले जाने वाले इस विकास रथ के हम मुख्य सारथी बनेंगे।

अध्यक्षीय उद्बोधन करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन से लेकर अब तक युवाओं की महत्वपूर्ण अतुलनीय भूमिका रही है। आज देश के युवा हर क्षेत्र में नया आयाम स्थापित कर रहे हैं। देश दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं हमारे युवा।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना जीवन राष्ट्र के नाम बलिदान कर दिया। उन्होंने अपने संघर्ष से युवाओं को एक दिशा दी। भारत का युवा न कभी रुका है न कभी झुका है जब भी देश के आन बान शान पर बात आई है।

शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि युवा वो भी होता है जो नवाचार देश के विकास के बारे में सोचता है। सिर्फ तन से ही नहीं मन से भी युवा बनें।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के तहत गुरुवार को भाजपा प्रयागराज महानगर के तत्वाधान में युवा सम्मेलन का आयोजन शहर पश्चिमी विधानसभा के हनुमान वाटिका में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम गीत से हुई।

कार्यक्रम संयोजक जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, सह संयोजक दीप द्विवेदी, शुभम सिंह रहे। संचालन कार्यक्रम के सह संयोजक मंजीत कुशवाहा ने किया। काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, रमेश पासी, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, राम जी शुक्ला, राजू राय, डॉ शैलेश पांडेय, विक्रम भदौरिया, प्रेम नारायण केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, प्रमोद मोदी, पप्पू पांडेय, श्याम प्रकाश पांडेय, शुभम पांडेय बाला, राम लोचन साहू, आदि बड़ी संख्या में युवा वर्ग उपस्थित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story