प्रयागराज मंडल चेकिंग अभियान, एक दिन में रिकार्ड 51.50 लाख जुर्माना वसूला

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज मंडल चेकिंग अभियान, एक दिन में रिकार्ड 51.50 लाख जुर्माना वसूला


प्रयागराज, 26 मई (हि.स)। मंडल रेल प्रबंधक, रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में चले सघन टिकट चेकिंग अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान में टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रिकार्ड कुल 51.50 लाख रूपये का जुर्माना वसूल किया गया।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को देर रात्रि तक चले अभियान में स्क्वाड स्टाफ ने 22.14 लाख, अमेनिटी स्टाफ ने 21.71 लाख तथा स्टेशनरी स्टाफ ने 7.60 लाख रूपये की आय अर्जित की गई। मंडल ने टिकट जांच व्यवस्था में निरंतर सुधार, अधिकतम कोच मैनिंग सुनिश्चित करने तथा नियमित सघन जांच अभियान चलाने के कारण यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।

पीआरओ ने बताया कि अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन भी देखने को मिले। छूटेश कुमार मीणा ने सर्वाधिक व्यक्तिगत टिकट चेकिंग आय अर्जित करते हुए 103 मामलों में 66,900 रूपये की वसूली सुनिश्चित की। यह उपलब्धि टिकट चेकिंग स्टाफ की कार्यनिष्ठा, सतर्कता एवं समर्पण को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल राजस्व संवर्धन के साथ-साथ यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गत माह सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले 5 स्क्वाड स्टाफ एवं 5 अमेनिटी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story