प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में होली मिलन कार्यक्रम, डीएम-एसपी ने खेली होली

WhatsApp Channel Join Now
प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में होली मिलन कार्यक्रम, डीएम-एसपी ने खेली होली


प्रतापगढ़, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस लाइन में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिसकर्मियों के साथ होली खेली। रंग-गुलाल, फूलों की वर्षा और डीजे की धुन पर जवानों ने पारंपरिक उत्साह के साथ त्योहार मनाया।

समारोह में डीएम और एसपी ने पुलिसकर्मियों को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों पर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।

इसके बाद डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और पुलिस जवान जमकर थिरकते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को भी अपने साथ नृत्य करने के लिए प्रेरित किया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।

पुलिस लाइन परिसर रंगों से सराबोर दिखा। पुलिस जवानों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाया, वहीं पाइप के जरिए रंग और पानी की बौछार कर होली का आनंद लिया। डीजे पर बज रहे होली गीतों के बीच पुलिसकर्मी मस्ती में झूमते रहे।

कुछ जवानों ने पारंपरिक अंदाज में 'कपड़े फाड़ होली' भी खेली। पूरे कार्यक्रम में पुलिस लाइन में होली का उल्लास और उत्साह चरम पर रहा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

Share this story