लखनऊ में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था उच्चस्तरीय एवं हाेनी चाहिए ट्रिपिंग विहीन : डॉ. आशीष गोयल
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) एवं उ0प्र0 पावर कारपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने बुधवार को गोखले मार्ग स्थित मध्यांचल मुख्यालय पहुंचकर राजधानी लखनऊ की विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। लेसा के अधिशाषी अभियन्ता एवं उसके ऊपर के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुये उन्होंने निर्देशित किया कि राजधानी होने के कारण लेसा के अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी ज्यादा महत्वपूर्ण है। यहॉ विद्युत आपूर्ति और व्यवस्था उच्चस्तरीय, ट्रिपिंग विहीन होनी चाहिए। इसके लिये प्रत्येक कार्मिक को ईमानदारी, परिश्रम एवं निष्ठा के साथ काम करना चाहिए। यहॉ जो कार्य नहीं कर पा रहा है उसे यहॉ से हटाइये।
अध्यक्ष ने लेसा के मुख्य अभियन्ताओं से राजधानी की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था जिसमें विद्युत सामग्री, वाहनों एवं कार्मिकों की पर्याप्त उपलब्धता के सन्दर्भ में विस्तृत पूछताछ की। बैठक में मुख्य अभियन्ता गोमती नगर, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम तथा अमौसी ने बताया कि उनके क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में विद्युत सामग्री, अनुरक्षण वाहन एवं कार्मिक हैं। गार्मियों को देखते हुये सबको कार्य पर लगाया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गयी है। वाट्सएप ग्रुप बनाये गये हैं। पेट्रांलिंग के लिये भी निर्देशित किया गया है।
मुख्य अभियन्ता जानकीपुरम ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में जहॉ विद्युत आपूर्ति की समस्यायें आ रही हैं वहां जांच में पाया गया है कि रात्रि 10 बजे के बाद अचानक लोड बढ़ता है। जिससे फ्यूज सेट बार-बार डैमेज हो रहे हैं। इससे आपूर्ति प्रभावित होती है। इन क्षेत्रों में विद्युत चोरी रोकने हेतु प्रयास तेज किये गये हैं। उपभोक्ताओं से भी सम्पर्क करके उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। अवर अभियन्ता, टी.जी-2 एस.डी.ओ. तथा अधिशाषी अभियन्ता देर रात्रि तक अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर रहते हैं।
अध्यक्ष डॉ. गोयल ने कहा कि सही क्षमता क़े फ्यूज लगाये जाएं जिससे ट्रांसफार्मर क़ो डैमेज होने से बचाया जा सके। अगर गलत फ्यूज से ट्रांसफार्मर डैमेज हो गया तो लम्बे समय के लिये विद्युत् व्यवधान हो जायेगा और उपभोक्ताओं को इस भीषण गर्मी में परेशानी होगी।
अध्यक्ष ने कहा कि अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित कर कार्यवाही करें जहॉ बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। बिजली चोरी रोकने हेतु प्रयास तेज करें। उपभोक्ता से सम्पर्क कर उन्हें बतायें कि क्यों बार-बार लोड बढ़ने से विद्युत बाधित हो रही है। अधिकारी फोन उठाये और उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी देें।
उन्होंने कहा कि जो वाट्सएप ग्रुप बनाये गये हैं उनके माध्यम से विद्युत व्यवधान के बारे में सूचना दें। यह भी बतायें कि बिजली कितनी देर में सामान्य होने की सम्भावना है। स्थानीय समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रोनिक मीडिया, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय प्रमुख व्यक्तियों के सम्पर्क में रहें। उनको आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल सूचना मिल जाये इसकी व्यवस्था बनाये। विद्युत बाधित हो तो उसकी सूचना आप के माध्यम से स्वंय मीडिया को दी जाये। सही ब्रीफिंग कर दें। इससे सही तथ्य मीडिया को मिलेंगे और विद्युत निगम के कार्मिकों के प्रयास की जानकारी भी उनको प्राप्त होगी। जिसका वे समाचार में उपयोग कर सकेंगे।
अध्यक्ष ने कहा कि जो अच्छा कार्य कर रहे हैं उन्हें प्राेत्साहित करिये और जो अच्छा नहीं कर पा रहे हैं उन्हें यहां से हटाइये। लेसा में पूरे मनोयोग से कार्य करिये। पब्लिक रिलेशन भी ठीक रखिये साथ ही मीडिया से लगातार संवाद करिये। यह राजधानी है। यहॉ हर बात पर गंभीरता पूर्वक विचार होता है। उपभोक्ता संतुष्टि हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

