उप्र सरकार बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे : मायावती

WhatsApp Channel Join Now
उप्र सरकार बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे : मायावती


लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती पर शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम आपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर ग़रीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है। इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं। इसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है। अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति सम्बंधी लोगों के कष्ट व परेशानियों को ध्यान में रखते हुए ज़रूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नये पावर प्लाण्ट आदि के माध्यम से भी आगे के लिए बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story