हमीरपुर में 40 घंटे बिजली रही गुल, दो लाख की आबादी प्रभावित
हमीरपुर, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में आए तूफान के साथ गुल हुई बिजली के दर्शन 40 घंटे गुजर जाने के बाद नहीं हुए हैं। शनिवार को बिजली गुल होने से सुमेरपुर कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 02 लाख की आबादी प्रभावित हैं। कस्बे के साथ ग्रामीण क्षेत्र के आधा दर्जन विद्युत सब स्टेशन 33 केवी की लाइने ध्वस्त होने से बंद है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
गुरुवार की रात 12 बजे आए तूफान ने कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर कहर बरपाया है। सैकड़ों की तदाद में विद्युत पोल ध्वस्त होने से कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति पिछले 40 घंटे से ठप है। सुमेरपुर कस्बे के 132 पावर स्टेशन से कस्बे के सब स्टेशन के अलावा पौथिया, चदौंखी, टेढ़ा, पारा रैपुरा, विदोखर, सुमेरपुर द्वितीय सब स्टेशन को आपूर्ति मिलती है। तूफान के कारण इन सभी सब स्टेशन को गई 33 केवी लाइन के सैकड़ो पोल धराशाई हुए हैं। विद्युत विभाग तमाम प्रयासों के बाद 40 घंटे गुजर जाने के बाद आपूर्ति बहाल नहीं कर सका है। शनिवार देर शाम तक कस्बे की आपूर्ति को नार्मल करने का दावा विभाग की तरफ से किया जा रहा है लेकिन जिस तरह से अभी खंबे खड़े होने में देरी हो रही है। उससे शाम तक कस्बे की आपूर्ति को नॉर्मल होने की कम उम्मीद दिख रही है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से कस्बा सहित ब्लॉक क्षेत्र की करीब 2 लाख की आबादी परेशान है। सबसे बड़ी समस्या पानी की खड़ी हो गई है। जलापूर्ति ठप होने से लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए इधर से उधर भटक रहे हैं अनुमान लगाया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति बहाल होने में कम से कम चार से पांच दिन का समय लगना तय है। बिजली गुल होने से ग्रामीण क्षेत्रों के कुटीर धंधे ठप हो गए हैं इससे ग्रामीण परेशान है।
विद्युत वितरण उपखंड के एसडीओ एमपी सिंह ने शनिवार को शाम बताया कि मरम्मत में विद्युत कर्मियों की टीम सभी जगह पर लगी हुई है। तूफान से विभाग को भारी नुकसान हुआ है। कस्बे का कुछ हिस्सा चालू हो चुका है शेष हिस्से को शनिवार देर शाम तक शुरू करने के प्रयास युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति बहाल होने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि 33 केवी के साथ 11000 एवं एलटी लाइनों के सैकड़ों खंबे ग्रामीण क्षेत्रों में ध्वस्त हुए हैं सामान पहुंचा दिया गया है। विद्युत कर्मी नए पोल लगाकर आपूर्ति बहाल करने की कवायद में जुटे हुए हैं। वहीं इसी तरह गल्ला मंडी में 2 दिन से पानी का संकट बना हुआ है। नवीन गल्ला मंडी में लगे सभी हैडपंप खराब होने से समस्या गंभीर बनी हुई है। गल्ला तिलहन व्यापार संघ के उपाध्यक्ष श्याम बाबू पांडे ने मामले की शिकायत मंडी सचिव ब्रजेश कुमार निगम से करते हुए समस्या समाधान की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

