बिजली कटौती पर अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना,भाजपा विधायकों ने भी लिखा पत्र
लखनऊ,22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं भाजपा के भी कई विधायकों ने ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा को पत्र लिखा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ़ ‘माँग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं।
सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में। मुँह से ये कह ही देते ‘3x660 सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती। वहीं एक के बाद एक कई भाजपा विधायकों ने भी अपने—अपने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा को पत्र लिखा है। गोण्डा जनपद के सदर विधानसभा से विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा को पत्र लिखकर विद्युत संकट के समाधान की मांग की है। प्रतीक भूषण सिंह ने पत्र में लिखा है कि विशेषकर रात्रिकाल में विद्युत कटौती कम से कम हो। इसके लिए कोई व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। इससे पहले लखनऊ उत्तर विधानसभा से विधायक डा.नीरज बोरा,सलोन से विधायक अशोक कोरी और सरोजनीनगर विधानसभा से विधायक राजेश्वर सिंह ने भी विद्युत कटौती के समाधान के लिए मंत्री को पत्र लिख चुके हैं। यहीं नहीं अधिक विद्युत कटौती होने से कई स्थानों पर नागरिकों ने प्रदर्शन भी किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

