फर्रुखाबाद : आलू किसानों को मुआवजा दिलाने को विपणन संघ के निदेशक ने शासन को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद : आलू किसानों को मुआवजा दिलाने को विपणन संघ के निदेशक ने शासन को लिखा पत्र


फर्रुखाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। आलू किसानों की समस्याओं को लेकर आलू किसान आंदोलन के प्रदेश प्रभारी एवं आलू विकास एवं विपणन सहकारी संघ लिमिटेड, उत्तर प्रदेश के निदेशक अशोक कटियार ने साेमवार काे शासन को पत्र भेजकर आलू को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने तथा संकट से जूझ रहे किसानों को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से आलू किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

अशोक कटियार ने अपने पत्र में आलू उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति और उनकी उपज के उचित मूल्य से जुड़े मुद्दों को उठाया है। उन्होंने कहा कि आलू की खेती में किसानों को बीज, खाद, दवाइयों, सिंचाई, मजदूरी, खुदाई, भंडारण और परिवहन पर बड़ी धनराशि खर्च करनी पड़ती है। इसके बावजूद जब किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आलू किसानों की मेहनत और लागत को ध्यान में रखते हुए सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। किसानों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए तत्काल राहत देने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचाने के लिए दीर्घकालिक नीति तैयार करना भी आवश्यक है।

अशोक कटियार ने शासन से मांग की कि आलू किसानों की मौजूदा समस्याओं का आकलन कर उन्हें राहत देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। आलू को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की उनकी मांग पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा किसानों को हुए नुकसान के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759757 Articles

Share this story