डाक विभाग का 'डिजिटल इण्डिया फॉर न्यू इण्डिया' पर 'ढाई आखर' राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
डाक विभाग का 'डिजिटल इण्डिया फॉर न्यू इण्डिया' पर 'ढाई आखर' राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता


--विजेताओं को मिलेगा 5 हजार से 50 हजार रुपये तक का पुरस्कार, अंतिम तिथि 31 अक्टूबर

--पूरे देश में 40 लाख 20 हजार रुपये के पुरस्कार विजेताओं को दिए जायेंगे

प्रयागराज, 16 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग ने ‘डिजिटल इण्डिया फॉर न्यू इण्डिया’ विषय पर ’ढाई आखर’ राष्ट्रीय स्तर पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया है। जिसके आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है। इसमें पांच हजार से पचास हजार रुपये तक का पुरस्कार भी मिलेगा।

यह जानकारी प्रयागराज परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने देते हुए बताया कि जब देश का हर नागरिक जागरूक और डिजिटल होगा तो हमारा देश तेजी से विकसित होगा। इसी के तहत देश के नागरिकों को जागरूक और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा डिजिटल इण्डिया की शुरुआत की गयी है। इसके लिए विभिन्न स्कूल-कॉलेज डाक विभाग के साथ मिलकर अपने यहां आयोजन कर सकते हैं।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि इस ’ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के लोग भाग ले सकते हैं। पहला वर्ग 18 वर्ष तक तथा दूसरा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का होगा। पत्र डाक विभाग द्वारा जारी अंतर्देशीय पत्र अथवा लिफाफे में ही स्वीकार्य होगा, जिसमें क्रमशः 500 और 1,000 शब्दों में अंग्रेजी, हिन्दी अथवा स्थानीय भाषा में हाथ से पत्र लिखा जा सकता है। पत्र में अपना पूरा नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और विद्यालय के नाम सहित संबंधित क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल के पते पर 31 अक्टूबर तक भेजना होगा। प्रयागराज परिक्षेत्र के अधीन प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, अमेठी जनपद के प्रतियोगियों को पोस्टमास्टर जनरल, प्रयागराज परिक्षेत्र, प्रयागराज 211001 के पते पर भेजना होगा।

पोस्टमास्टर जनरल श्री यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तरों पर विभिन्न 4 श्रेणियों में तीन-तीन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें परिमंडलीय (राज्य) स्तर पर चयनित श्रेष्ठ पत्रों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी में क्रमशः 25 हजार, 10 हजार व 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित श्रेष्ठ पत्रों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी में क्रमशः 50 हजार, 25 हजार व 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर पूरे देश में 40 लाख 20 हजार रुपये के पुरस्कार विजेताओं को दिए जायेंगे। इस सम्बंध में ज्यादा जानकारी के लिए विभिन्न मंडलों के अधीक्षक और प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर से सम्पर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story