शिक्षिका पूनम गुप्ता बनीं 69वीं राष्ट्रीय बालिका विद्यालयीय क्रिकेट टीम की मैनेजर
-प्रतियोगिता हरियाणा रोहतक में 29 से 03 मई तक
प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका पूनम गुप्ता को 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय अंडर 17 बालिका क्रिकेट टीम का मैनेजर बनाया गया है। उक्त प्रतियोगिता हरियाणा रोहतक में 29 अप्रैल से 03 मई तक होगी।
यह जानकारी देते हुए पूनम गुप्ता ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया के अनुसार 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट अण्डर-17 में डॉ. भीमराव अम्बेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान, उ.प्र. स्टेडियम अयोध्या ने बेसिक शिक्षा विभाग प्रयागराज की प्रतिभाशाली खेलों में ऑलराउंडर पूनम गुप्ता को टीम का मैनेजर बनाया है। इससे पूर्व पूनम को प्रदेशीय स्कूली बालिका क्रिकेट अंडर 17 कानपुर 2025 में चयनकर्ता भी बनाया गया था।
उल्लेखनीय है कि, पूनम गुप्ता स्वयं पूर्व में क्रिकेट की नेशनल खिलाड़ी रह चुकी हैं। कई वर्षों तक वह प्रयागराज में लड़कियों काे क्रिकेट की कोचिंग भी दे चुकी हैं। पूनम बीसीसीआई एफिलिएटेड प्रयागराज महिला क्रिकेट संघ की 2007-08 में संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं और वर्तमान में एथलेटिक्स में साउथ एशिया तक प्रतिभाग कर गोल्ड मेडल जीत कर अपने विभाग और प्रदेश का नाम भी रोशन कर चुकी हैं। प्रयागराज में उन्हें गोल्डन गर्ल के नाम से भी जाना जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

