भजनों की स्वर-लहरियों से भक्तिमय हुआ देवा मेला, पूजा पाण्डेय की टीम ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
भजनों की स्वर-लहरियों से भक्तिमय हुआ देवा मेला, पूजा पाण्डेय की टीम ने बांधा समां


बाराबंकी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। देवा मेला एवं प्रदर्शनी की सांस्कृतिक संध्या में शुक्रवार को भक्ति संगीत की शानदार छटा देखने को मिली। स्वरोही आर्ट ग्रुप की निदेशिका पूजा पाण्डेय एवं उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों के मधुर स्वर, सधे हुए संगीत और भावपूर्ण गायन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर तक पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

भजन संध्या का आगाज कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजन 'कान्हा मुरली की तान सुना दे' से हुआ। इसके बाद 'श्याम के बिना तुम आधे' और 'गगरिया तोड़ दी मेरी' जैसे भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज और मनमोहक अंदाज से भजनों में भक्ति के भावों को जीवंत कर दिया।

इसके बाद हनुमान भक्ति पर आधारित 'जय जय बजरंग बली' और 'वीर हनुमान अति बलवान' की ओजपूर्ण प्रस्तुतियों ने माहौल में नया उत्साह भर दिया। भजनों की धुन पर श्रोता भावविभोर नजर आए और तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।

स्वरोही आर्ट ग्रुप की निदेशिका पूजा पाण्डेय के साथ विशाल पाण्डेय, अभिषेक कश्यप, सुरेंद्र यादव, बेबी स्वरोही, अनुष्का पाण्डेय, जितेंद्र कुमार, हरि शंकर, मान्य कश्यप एवं अंजली ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सभी कलाकारों के सामूहिक तालमेल और शानदार मंचीय प्रदर्शन को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

भजन संध्या के दौरान कभी कृष्ण भक्ति तो कभी हनुमान वंदना के स्वरों से पूरा सांस्कृतिक पंडाल गूंजता रहा। संगीत और आध्यात्मिकता के इस संगम ने देवा मेले की सांस्कृतिक शाम को यादगार बना दिया।

--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story