पॉलीटेक्निक छात्रा ने हॉस्टल में फंदे से लटककर दी जान, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
पॉलीटेक्निक छात्रा ने हॉस्टल में फंदे से लटककर दी जान, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप


पॉलीटेक्निक छात्रा ने हॉस्टल में फंदे से लटककर दी जान, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। काकादेव क्षेत्र स्थित एक निजी छात्रावास में रह रही पॉलीटेक्निक की छात्रा ने देर रात फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी छात्रावास संचालिका ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है।

घाटमपुर के जवाहर नगर निवासी राम सिंहासन सचान ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। परिवार में पत्नी रीना, बड़ी बेटी आशी सचान और छोटी बेटी पूर्वी सचान (19) थीं। परिजनों के अनुसार बड़ी बेटी बीएससी की पढ़ाई कर रही है, जबकि पूर्वी पॉलीटेक्निक की छात्रा थी। पहले वह रोजाना गांव से कानपुर आकर पढ़ाई करती थी, लेकिन आवागमन की परेशानी को देखते हुए करीब 15 दिन पहले काकादेव स्थित एक छात्रावास में रहने लगी थी।

बताया गया कि मंगलवार रात छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब छात्रावास संचालिका आंचल कटियार वहां पहुंचीं तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल काकादेव पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें छात्रा ने लिखा था कि उसके माता-पिता को अब उसकी पढ़ाई और शादी के खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मां रीना ने बताया कि सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय उन्होंने जल्दी उठकर खाना बनाने की बात कही थी। शाम करीब नौ बजे दो बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों ने सोचा कि वह पढ़ाई या थकान के कारण सो गई होगी। देर रात छात्रावास संचालिका का फोन आने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story