मुरादाबाद : रामगंगा और गांगन में गंदगी के चलते श्रद्धालु नहीं लगा पाए आस्था की डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : रामगंगा और गांगन में गंदगी के चलते श्रद्धालु नहीं लगा पाए आस्था की डुबकी


मुरादाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में से गुजर रही पवित्र पावनी रामगंगा नदी और गांगन में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा (गंगा स्नान) के शुभ अवसर पर भी गंदगी के चलते इस बार भी श्रद्धालु आस्था की डुबकी नहीं लगा पाए। हर बार की तरह इस बार भी मुरादाबाद नगर निगम के किए गए बड़े-बड़े दावे खोखले साबित हुए।

जनपद से होकर पवित्र पावनी रामगंगा नदी और गांगन नदी गुजरती हैं। लेकिन दोनों नदियों में कई स्थानों से बड़े-बड़े नाले मिल रहे हैं, जिसकी वजह से पूरे वर्ष रामगंगा और गांगन के किनारो पर गंदगी के अंबार लगे रहते हैं। कार्तिक पूर्णिमा, जेयष्ठ का दशहरा, मकर संक्रांति, सोमवती अमावस्या जैसे स्नान के पर्वों पर पीतलनगरी वासी इन दोनों नदियों में डुबकी लगाने से परहेज करते हैं। इसी वजह से मुरादाबाद के श्रद्धालु उत्तराखंड के हरिद्वार व बृजघाट (गढ़मुक्तेश्वर) और अमरोहा के तिगरी धाम में गंगा में स्नान व अन्य पूजा पाठ व कर्मकांड करने के लिए जाते हैं।

इस बार की कार्तिक पूर्णिमा पर मुरादाबाद नगर निगम के अधिकारियों ने रामगंगा और गांगन नदी में सफाई करने के बड़े-बड़े दावे किए थे जो खोखले साबित हुए। मंगलवार को सुबह गंगा स्नान के पावन पर्व पर लोग रामगंगा और गागन में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे, लेकिन गंदगी का अंबार लगा देखकर श्रद्धालुओं ने गंगाजल के छींटे डालकर गंगा में स्नान की प्रथा को पूरा किया।

श्रद्धालु अमित कुमार, विपिन प्रजापति, भरत टंडन, अर्चित गुप्ता, मीनू अरोड़ा, नूपुर गुप्ता, अंशु सिंह आदि ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हम कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा में स्नान करने आए थे, लेकिन हमेशा की तरह इस बार भी रामगंगा नदी में गंदगी का अंबार मिला। जिस वजह से हमने गंगा में स्नान करने से परहेज किया और हाथों में गंगाजल लेकर सूर्य देव को जल चढ़ाया और अपने ऊपर छींटे मार लिए।

वहीं इस बावत महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को लेकर रामगंगा और गांगन नदी के किनारे साफ सफाई कराई गई थी। कूड़ा कचरा सब हटवा दिया था, लेकिन पीछे कहीं रुकी हुई गंदगी आज सुबह आकर वहां पसर गई। आगामी गंगा स्नान के पर्वों पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे मुरादाबाद के श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो।

---------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story