हमीरपुर में सियासी घमासान, नगर पालिका अध्यक्ष के बिगड़े बोल

WhatsApp Channel Join Now
हमीरपुर में सियासी घमासान, नगर पालिका अध्यक्ष के बिगड़े बोल


हमीरपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी ने माहौल गरमा दिया है। समाजवादी पार्टी के महोबा-हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को हमीरपुर शहर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सांसद का पुतला दहन किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद के तीखे बयान ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया।

नगर पालिका परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की तस्वीर लगे पुतले के साथ जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बस स्टैंड पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पहले पुतले को चप्पलों से पीटा और बाद में आग के हवाले कर दिया। प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान और सांसद माफी मांगो जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने बेहद आक्रामक तेवर दिखाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सम्मान और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं, ऐसे में उनके खिलाफ अभद्र भाषा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सांसद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो भाजपा कार्यकर्ता उनके आवास का घेराव करेंगे। इतना ही नहीं, कुलदीप निषाद ने विवादित बयान देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो लात-जूता भी चलाएंगे। अगर सांसद नगर में आए या दिखाई दिए तो कार्यकर्ता उनका विरोध करते हुए मारपीट करेंगे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद जिले की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है।

नगर पालिका पालिका परिषद अध्यक्ष के बयान पर विपक्षी दलों ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सांसद की टिप्पणी ने जनता और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत किया है। वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद जिले में भाजपा और सपा के बीच बढ़ती तल्खी अब खुले टकराव में बदलती नजर आ रही है। प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री लक्ष्मी रतन साहू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश त्रिपाठी, वेदप्रकाश आर्य, योगेंद्र दीक्षित, अंकित गुप्ता, रवि, रेखा चंदेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story