उप्र विधानसभा चुनाव से पूर्व पीतलनगरी में सियासी पोस्टरवार शुरू

WhatsApp Channel Join Now
उप्र विधानसभा चुनाव से पूर्व पीतलनगरी में सियासी पोस्टरवार शुरू


- पोस्टर के विरोध में सपा नेताओं ने दिया ज्ञापन, एसपी सिटी बोले मामले में जांच कराई जाएगी

मुरादाबाद, 21 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 से पहले सियासी पोस्टरवार शुरू हो गया है। रविवार देर रात्रि या सोमवार तड़के मुरादाबाद के प्रमुख मार्गों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग मुरादाबाद महानगर में लगा दिए गए। सोमवार सुबह लोगों की नजर इन पर पड़ी तो सियासी राजनैतिक गलियारों में हलचल मच गई।

पोस्टरों में अखिलेश यादव के साथ आजम खां और अतीक अहमद समेत अन्य नेताओं की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टरों पर माफियाराज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश लिखा था। प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी सपा और अखिलेश के खिलाफ इसी तरह के पोस्टर सामने आने की खबर है। मामले में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पोस्टर के विरोध में सपा नेताओं के द्वारा ज्ञापन दिया गया हैं। पूरे मामले में जांच कराई जाएगी।

पोस्टरों की जानकारी मिलते ही सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव पार्टी नेताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोस्टर फाड़कर हटा दिए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह पोस्टर भाजपा नेताओं की ओर से लगवाए गए हैं। जयवीर यादव ने कहा कि 2027 का चुनाव नजदीक आते ही भाजपा इस तरह की पोस्टरबाजी से माहौल बनाने में जुट गई है।

सपा की ओर से मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही गई है। सपा के आरोपों पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि उन्हें पोस्टरों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पोस्टरों पर इन्हें लगवाने वाले किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नाम भी नहीं है।

समाजवादी पार्टी मुरादाबाद के जिला प्रवक्ता धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि मुरादाबाद के अलावा लखनऊ, उन्नाव, इटावा, सीतापुर, बरेली, मेरठ, आजमगढ़ और गाजीपुर समेत कई शहरों में भी सपा के खिलाफ पोस्टर लगाए गए है। कुछ पोस्टरों में अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश और वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया जैसे संदेश लिखे गए हैं। इनमें अलग-अलग इलाकों से जुड़े अपराध के चर्चित नामों और सपा से जुड़े नेताओं की तस्वीरों को एक साथ दिखाया गया है।

समाजवादी पार्टी मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने कहा कि पार्टी इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने शासनकाल में अपराध के मामलों पर भी जवाब देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story