पुलिस की वर्दी केवल अधिकार नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी : राजीव सभरवाल
मुरादाबाद, 19 मई (हि.स.)। पुलिस की वर्दी केवल अधिकार नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी भी है। जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिसकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यह बातें डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद में पिछले 12 माह से प्रशिक्षण ले रहे 47 प्रशिक्षु दरोगाओं की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक (ट्रेनिंग) राजीव सभरवाल ने कहीं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद में पिछले 12 माह से प्रशिक्षण ले रहे 47 प्रशिक्षु दरोगा मंगलवार को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनता की सेवा के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन गए। पासिंग आउट परेड में अनुशासन, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। परेड में शामिल 47 प्रशिक्षु दरोगाओं में 44 मृतक आश्रित कोटे से नियुक्त हुए हैं, जबकि तीन दरोगा ऐसे रहे जो पिछली यूपी पुलिस दरोगा भर्ती के दौरान किसी कारणवश अपना प्रशिक्षण पूरा नहीं कर सके थे।
सर्वप्रथम डीजी (ट्रेनिंग) राजीव सभरवाल ने परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षु दरोगाओं की टुकड़ियों से सलामी ली और उनके अनुशासन व प्रशिक्षण की सराहना की। इसके बाद उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई। शपथ के दौरान दरोगाओं ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए निष्पक्षता और ईमानदारी से ड्यूटी निभाने का संकल्प लिया।
पुलिस महानिदेशक (ट्रेनिंग) ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई अनुशासन और कार्यशैली को सेवा काल में भी बनाए रखना जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। आउटडोर प्रशिक्षण में अंकित यादव ने टॉप किया, जबकि सर्वोच्च सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का सम्मान अंकित हरमोहन यादव को मिला। दोनों को डीजी ट्रेनिंग ने प्रशस्ति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान प्रशिक्षु दरोगाओं के परिवार के लोग भी मौजूद रहे। अपने बेटों और बेटियों को पुलिस की वर्दी में परेड करते देख परिजनों की आंखों में गर्व और खुशी साफ नजर आई। परेड समाप्त होने के बाद प्रशिक्षुओं ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ फोटो खिंचवाए और खुशी साझा की।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

