शालीमार पैराडाइज में चोरी का पर्दाफाश, पड़ोसी मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
शालीमार पैराडाइज में चोरी का पर्दाफाश, पड़ोसी मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार


बाराबंकी, 07 मई (हि.स.) स्वाट/सर्विलांस व कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शालीमार पैराडाइज में हुई बड़ी चोरी का खुलासा आज गुरुवार को कर दिया। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14.85 लाख नगद, लाइसेंसी पिस्टल, 9 कारतूस, भारी मात्रा में जेवरात व ऑडी कार बरामद की है।

अजय कुमार सिंह ने 1 मई को तहरीर दी थी कि 19 से 30 अप्रैल के बीच परिवार के बाहर रहने पर बंगला C-05 से लॉकर तोड़कर पिस्टल, लाइसेंस, कैश व जेवरात चोरी हो गए। एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी व डिजिटल डेटा से जांच की।

मुख्य आरोपित आकर्ष सिंह उर्फ यश वादी के सामने A-11 में रहता है। शेयर मार्केट में घाटे के कारण उसने अनुराग कथूरिया व पृथ्वी प्रताप सिंह के साथ मिलकर साजिश रची। 24/25 अप्रैल की रात पृथ्वी ने छत से निगरानी की और आकर्ष ने घर में घुसकर चोरी की। माल ऑडी से अनुराग के घर ले जाया गया। बाद में प्रयागराज के ऋषि सोनी व ऋत्विक यादव को कुछ सामान बेचा गया।

गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज व आजमगढ़ के हैं। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने खुलासा करते हुए पुलिस टीम को 25,000 रुपये इनाम दिया। बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस बढ़ाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story