पुलिस ने गुम और चोरी हुए 111 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने गुम और चोरी हुए 111 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। जनपद की दक्षिण जोन सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की सीईआईआर पोर्टल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 111 खोए और गुमशुदा मोबाइल फोन गुरुवार को बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 70 हजार रुपये है। पुलिस ने इन सभी मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि अलग-अलग तिथियों में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें पुलिस को मिली थीं। शिकायतों के आधार पर सीईआईआर पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के जरिए मोबाइल की तलाश शुरू की गई। तकनीकी माध्यमों की मदद से कानपुर के साथ ही गैर जनपदों और अन्य राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए गए।

बरामद 111 मोबाइल फोन की पहचान संबंधित शिकायतों और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर उनके वास्तविक स्वामियों से कराई गई। इसके बाद थाना बर्रा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मोबाइल फोन सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

डीसीपी दक्षिण ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उन्हें बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में दक्षिण जोन सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक अजय गंगवार, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक तुषार अग्रहरी समेत सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों और विभिन्न थानों के सीईआईआर पोर्टल प्रभारियों की भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story