पुलिस का कड़ा पहरा तोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुए हाथरस के कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस का कड़ा पहरा तोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुए हाथरस के कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय


हाथरस, 11 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के 12 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक उपाध्याय रविवार को पुलिस की निगरानी के बावजूद अपने साथियों के साथ दिल्ली रवाना हो गए। बताया गया है कि पिछले कई दिनों से पुलिस उन्हें घर से बाहर निकलने से रोकने का प्रयास कर रही थी।

दिल्ली रवाना होने के दौरान विवेक उपाध्याय ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को पहरेदारी और दबाव के जरिए नहीं दबाया जा सकता। शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की रोक-टोक से उनका हौसला कम नहीं हुआ है, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प और मजबूत हुआ है। कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है। सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष के दिल्ली रवाना होने के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। 12 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी तादाद में शामिल हाेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story