प्रयागराज जोन पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ, 08 जिलों की टीमें ले रहीं हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज जोन पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ, 08 जिलों की टीमें ले रहीं हिस्सा


बांदा, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन में रविवार को तीन दिवसीय 29वीं प्रयागराज जोन अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने खिलाड़ियों से मान-प्रणाम ग्रहण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का आयोजन 14 जून से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगा। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग की जूडो, वुशू, ताइक्वांडो, कराटे तथा पेंचक सिलाट प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन के आठ जनपदों की पुलिस टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता में बांदा, महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ जनपदों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खेलों के माध्यम से पुलिस कर्मियों में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

शुभारंभ समारोह के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बांदा वेलास यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिसमें खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने जनपद का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story