आगामी त्योहारों के लिए पुलिस ने की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 1080 स्थानों पर जलेगी होली

WhatsApp Channel Join Now
आगामी त्योहारों के लिए पुलिस ने की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 1080 स्थानों पर जलेगी होली


नोएडा, 01 मार्च (हि.स.)। आगामी होली के पर्व को लेकर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी नागरिकों से होली के पर्व को शांतिपूर्वक व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाये जाने की अपील की गई है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में लगभग 1,080 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। रंगोत्सव-रमजान माह को सकुशल एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को 10 जोन व 26 सेक्टर में विभाजित करते हुए सेक्टर स्कीम प्रभावी की गयी है। होलिका दहन-होली के अवसर पर लगने वाले मेलों में सम्भावित भीड़ के दृष्टिगत सभी जगहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि होली के त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र द्वारा नोएडा व सेंट्रल नोएडा जोन, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार द्वारा ग्रेटर नोएडा जोन के अधिकारियों का पर्यवेक्षण किया जाएगा। इसी क्रम में रवि शंकर निम (डीसीपी मुख्यालय) को ग्रेटर नोएडा जोन में व श्रीमती ट्विंकल जैन (एडीसीपी/स्टाफ ऑफिसर) व विवेक रंजन राय (एसीपी साइबर) को नोएडा जोन, पूनम मिश्रा (एडीसीपी जेवर एयरपोर्ट) को सेन्ट्रल नोएडा जोन व दीक्षा सिंह (एसीपी महिला सुरक्षा), हेमन्त उपाध्याय (एसीपी लाइन्स/आरटीसी) को ग्रेटर नोएडा जोन में आगामी त्योहार के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाये रखने का दायित्व सौंपा गया है। संवेदनशील स्थानों के आस-पास 26 मोबाइल क्यूआरटी व 4 प्लाटून पीएसी को तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा अभी तक 45 संवेदनशील/हॉटस्पाट स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां पर अतिरिक्त पुलिस बल व पीएसी बल को तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आरडब्लूए/ग्राम सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों के साथ होली पर्व के सम्बन्ध में गोष्ठियाँ आयोजित की गई एवं धर्मगुरुओं-संभ्रान्त व्यक्तियों के साथ-साथ अब तक 165 से अधिक गोष्ठियों का आयोजन किया गया। उन्हें अपने-अपने समाज के लोगों को समझाने व पुलिस का सहयोग करने हेतु अवगत कराया गया है। इसके साथ ही बताया गया है कि अगर किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा होली-रमजान माह के अवसर पर किसी प्रकार से माहौल-शांति व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। पुलिस अधिकारीगण द्वारा होली-रमजान माह के पावन पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु अन्य विभागों के अधिकारियों से भी गोष्ठी का आयोजन कर समन्वय स्थापति किया गया है।

पुलिस द्वारा बीडीडीएस, सर्विलांस व सोशल मीडिया के माध्यम से सर्तक दृष्टि रखी जा रही है साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक-भड़काउ पोस्ट करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित करके उनके विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा 'ब्रेथ एनालाइजर' की सहायता से शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों एवं हुड़दंगियों के विरूद्ध भी कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से लगे सीसीटीवी कैमरों से सतर्क निगरानी रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध एम.वी. एक्ट व अन्य विधिक कार्यवाही किया जाना तथा आवश्यकतानुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी किया जाना प्रस्तावित है। सभी थाना मोबाइल, पीसीआर,यातायात पुलिस व पीआरवी वाहन भी लगातार क्षेत्र के भ्रमणशील रहगें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story