बरसाना पुलिस ने नष्ट की 1.59 लाख रुपये की अवैध शराब, 53 मुकदमों से जुड़ी थी शराब

WhatsApp Channel Join Now
बरसाना पुलिस ने नष्ट की 1.59 लाख रुपये की अवैध शराब, 53 मुकदमों से जुड़ी थी शराब


मथुरा, 04 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनपद मथुरा में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में बुधवार शाम थाना बरसाना क्षेत्र में अवैध जब्त शराब का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट) किया गया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गोवर्धन के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 16.09.2026 को न्यायालय सिविल जज सीनियर डिवीजन छाता, मथुरा के आदेश के अनुपालन में 04 नवंबर बुधवार थाना बरसाना पर पंजीकृत अवैध शराब के 53 अभियोगों से संबंधित कुल 300 लीटर अवैध देशी शराब को नष्ट किया गया। जब्त की गई इस शराब की कुल कीमत करीब 1.59 लाख रुपये आंकी गई है। अवैध शराब का यह विनिष्टीकरण पूरी पारदर्शिता और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान अनिल कुमार सिंह (क्षेत्राधिकारी गोवर्धन), जयन्ती मिश्रा (नायब तहसीलदार, तहसील गोवर्धन), मालती सिंह (आबकारी निरीक्षक, क्षेत्र-05 मथुरा), अजीत सिंह (प्रभारी निरीक्षक, थाना बरसाना), कमलकान्त (एच.एम., थाना बरसाना, मथुरा) अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जनपद में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772568 Articles

Share this story