अवैध हुक्का बार पर पुलिस की सख्ती, पूरे कमिश्नरेट में एक सप्ताह चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
अवैध हुक्का बार पर पुलिस की सख्ती, पूरे कमिश्नरेट में एक सप्ताह चलेगा अभियान


अवैध हुक्का बार पर पुलिस की सख्ती, पूरे कमिश्नरेट में एक सप्ताह चलेगा अभियान


कानपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पूरे कमिश्नरेट में एक सप्ताह का विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान हुक्का बार और हुक्का संचालन से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था विपिन टाडा ने दी।

अभियान के तहत सेंट्रल जोन में पुलिस ने कैफे, रेस्टोरेंट, होटल और अन्य प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग की। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने स्वरूपनगर पुलिस टीम के साथ कैफे और रेस्टोरेंट की जांच की। इस दौरान हुक्का संचालन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, प्रतिबंधित फ्लेवर और अन्य सामग्री की जांच की गई।

प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, फायर सेफ्टी उपकरण और पार्किंग व्यवस्था भी देखी गई।

स्वरूपनगर क्षेत्र में हुक्का संचालन की सूचना पर पुलिस टीम ने एक प्रतिष्ठान में छापा मारा। यहां संचालक समेत करीब 12 लोग हुक्का पीते मिले। पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। परिसर को सीज और सील करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को हुक्का बार संचालित नहीं करने और हुक्का व तंबाकू उत्पादों के अवैध इस्तेमाल व बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने और ग्राहकों के पहचान पत्र की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कोटपा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इसी तरह पूर्वी जोन में पुलिस उपायुक्त सत्यजीत गुप्ता ने कोतवाली थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। होटल, रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कर संचालकों को हुक्का बार का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध प्रतिष्ठानों और गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ थाना पुलिस को नियमित चेकिंग जारी रखने के लिए निर्देशित किया गया।

सेंट्रल जोन के काकादेव, चमनगंज, कोहना, बेकनगंज, अनवरगंज और बजरिया थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ दुकानदारों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था विपिन टाडा ने कहा कि अभियान किसी एक थाना क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। पूरे कमिश्नरेट में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुक्का बार और हुक्का संचालन करने वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर जांच की जाएगी।

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में चल रहे अभियान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हुक्का बार की आड़ में नियमों का उल्लंघन और प्रतिबंधित गतिविधियां संचालित न हों, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story